श्रीगंगानगर , मई 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसमें सवार एक ही परिवार के महिलाओं और बच्चों सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जो रोजी-रोटी की तलाश में श्रीगंगानगर आए थे। वे एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। आज काम खत्म होने के बाद वे ट्रैक्टर-ट्रॉली से हनुमानगढ़ की ओर जा रहे थे। मध्याह्न करीब साढे 12 बजे सांवतसर गांव के पास ट्रॉली का संतुलन बिगड़ते ही वह सड़क किनारे पलट गई जिसमें 10 लोग घायल हो गये।
सू्त्रों ने बताया कि घायलों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और सभी घायलों को पदमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चार गंभीर घायलों को श्रीगंगानगर के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया, जबकि बाकी का इलाज पदमपुर में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी अजीत गोदारा मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित