भरतपुर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर खतरनाक स्टंट करके उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले बजरी माफिया युवक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भरतपुर रेंज आईजीपी कैलाश बिश्नोई और पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी गौरव मीणा उर्फ गोलू (22) काे गिरफ्तार करके उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इस वीडियो में गौरव अपने किये पर शर्मिंदगी व्यक्त करते क्षमायाचना के साथ भविष्य में ऐसी गलती नही दोहराने की बात की है।

सूत्रों ने बताया कि आरोपी गौरव मीणा के खिलाफ पुलिस पहले भी अवैध खनन और परिवहन के मामले में कार्रवाई कर चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित