श्रीगंगानगर , जून 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र मेें पुलिस ने पिछले हफ्ते पकड़े एक ट्रैक्टर ट्राली गिरोह की निशानदेही पर अब तक चोरी के 190 कट्टे बरामद किए हैं।

गिरफ्तार किए गिरोह के पांच बदमाशों को पुलिस हिरासत अवधि समाप्त होने पर मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। जांच अधिकारी रामपाल गोदारा ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए हैं।

सदर थाना क्षेत्र में दो वेयरहाउसों में पिछले महीने चोरी की वारदातें हुई थी। पुलिस ने इन घटनाओं के मामले में पांच चोरों अजय बावरी (19), राजेश बावरी (23), सोनू बावरी (36), सूबेसिंह बावरी (24) और वीरू बावरी (22) को गिरफ्तार किया था। जांच अधिकारी ने बताया कि पहली वारदात में एक गोदाम से इस गिरोह ने सरसों के 140 कट्टे चोरी किए थे जो सूरतगढ़ में एक व्यापारी को बेचे थे। इस व्यापारी को भी चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस वारदात में 110 कट्टे बरामद हुए हैं।

दूसरे वेयरहाउस में हुई चोरी के 80 कट्टे इन आरोपियों से बरामद हुए हैं। इस वारदात के भी कुछ कट्टे बरामद करना अभी बाकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित