श्रीगंगानगर , अप्रैल 15 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर के पीछे लगे यंत्र की टक्कर लगने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हाे गयी।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मृतक की पहचान रणजीतराम बिश्नोई के रूप में हुई है। रणजीतराम मंगलवार को दोपहर को चक 22-एजी से पास के गांव जा रहे थे। जब वह नाइयों की ढाणी के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे रामचंद्र बिश्नोई ने अपने ट्रैक्टर को अचानक मोड़ दिया जिससे ट्रैक्टर के पीछे लगा यंत्र मोटर साइकिल से टकराया। इससे रणजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि रणजीतराम को हनुमानगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित