भीलवाड़ा , फरवरी 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह तीनों श्रमिक माण्डलगढ़ स्थित एक निजी टेक्सटाइल फैक्ट्री में काम पर जा रहे थे। इसी दौरान जोजवा गाँव के पास बनास नदी की ओर बजरी भरने जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। इससे एक श्रमिक उदय सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि उसके दो साथी घायल हो गये।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बीगोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भीलवाड़ा के जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।

उधर घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और ग्रामीणों सहित श्रमिक यूनियन ने फैक्ट्री के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित