प्रयागराज , जून 07 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के बरहा कला इलाके में आज रविवार को तेज रफ्तार में जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मांडा थाना क्षेत्र के बबुरा गांव निवासी लक्ष्मी शंकर ने दो दिन पहले ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। आज सुबह उनका बेटा रिंकू बिंद अपने पड़ोसी अमित कुमार पुत्र राम प्रकाश और राजाबाबू पुत्र राजा शंकर यादव के साथ ट्रैक्टर लेकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर राजाबाबू चला रहे थे।गांव से कुछ दूर पहुंचते ही ट्रैक्टर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। पलटने से तीनों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए। हादसा होते ही ग्रामीण दौड़ पड़े। मौके पर जुटी भीड़ ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद रिंकू बिंद और अमित कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित