अलवर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ट्रेलर से चने के कट्टे चोरी करने के मामले में लंबे समय से फरार दो हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान माडिया उर्फ माडूराम गुर्जर के रूप में हुई है। आरोपी घटना के बाद से ही अपनी पहचान छिपाकर फरारी काट रहा था। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में अन्य जानकारियां जुटा रही है।
मामले के अनुसार आठ जुलाई को बलराम जाट ने मामला दर्ज कराया था कि दो जुलाई को उनका ट्रेलर सरवाड़ (अजमेर) से चने भरकर रवाना हुआ था। चार जुलाई को शाहजहांपुर टोल प्लाजा के पास ट्रेलर चालक चने के कट्टे चोरी करके वाहन को खेड़ा बैरियर पर छोड़कर फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ट्रेलर चालक संजू उर्फ संजय और एक अन्य आरोपी अशोक गुर्जर को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित