बिलासपुर , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह जानकारी आज बिलासपुर पुलिस ने दी। ये हादसा सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी के समीप हुआ, जहां गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कॉर्पियो वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार लोग पास के एक ढाबे पर भोजन करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर पहले सामने चल रहे एक अन्य ट्रेलर से टकराया और नियंत्रण खो बैठा और गलत दिशा में पहुंच गया, जहां सामने से आ रही स्कॉर्पियो उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो वाहन के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना में छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और देवेंद्र मिरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं शिक्षक चंद्रप्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर की भयावहता स्पष्ट दिखाई दे रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित