कोरबा , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा शहर के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार शारदा मोड़ के पास शुक्रवार देर रात करीब दो बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भिजवाया गया है। साथ ही वाहन मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुड़ापार शारदा बायपास आबादी क्षेत्र से जुड़ा मार्ग है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। पूर्व में वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने भी इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित