बैतूल , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए बिहार के 40 वर्षीय यात्री की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान नालंदा जिले के बीघा गांव निवासी भोला पासवान के रूप में हुई है। वह अपने भतीजे के साथ दानापुर से बेंगलुरु जा रहा था।

पुलिस के अनुसार भोला पासवान ट्रेन क्रमांक 19622 के सामान्य कोच में यात्रा कर रहा था। धाराखोह-मरामझिरी के बीच खंभा नंबर 838/2 के पास वह बाथरूम से लौटते समय ट्रेन के गेट के समीप पहुंचा, तभी संतुलन बिगड़ने से चलती ट्रेन से नीचे डाउन ट्रैक पर गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी आरक्षक दिलीप नरवरे मौके पर पहुंचे और घायल यात्री को रेस्क्यू कर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया था। रात में उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।

भोला पासवान के साथ उसका भतीजा भी यात्रा कर रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद बताया गया है। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी देने का प्रयास कर रही है।

अस्पताल पुलिस चौकी के अनुसार परिजनों के बैतूल पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण मृतक की तस्वीर और अन्य विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित