मुरैना , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश में झांसी-आगरा पैसेंजर ट्रेन में छूटा गहनों से भरा बैग रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खोजकर महिला यात्री को वापस सौंप दिया, जिसके बाद महिला ने पुलिस की सराहना की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्वालियर जिले के डबरा रेलवे स्टेशन से ग्वालियर के लिए यात्रा कर रही महिला यात्री कृष्ण कुशवाह ग्वालियर स्टेशन पर उतरते समय अपना बैग ट्रेन में ही भूल गई। बाद में बैग की याद आने पर वह घबराई हुई रेलवे पुलिस के पास पहुंची और जानकारी दी।

सूचना मिलने पर जब संबंधित ट्रेन मुरैना रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक शिवदान, प्रधान आरक्षक कदम सिंह और आरक्षक जयदेव सिंह ने ट्रेन में सर्चिंग की। तलाशी के दौरान यात्री द्वारा बताए गए हुलिए का बैग सीट पर रखा मिला।

पुलिस ने बैग के संबंध में अन्य यात्रियों से पूछताछ की और पुष्टि के बाद महिला यात्री को सूचना दी। जांच के उपरांत बैग उसे सुपुर्द कर दिया गया। बताया गया है कि बैग में करीब सात तोला सोने के आभूषण थे, जिनमें अंगूठियां, चूड़ियां, टॉप्स, हार, मंगलसूत्र और बालियां शामिल थीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। बैग सुरक्षित मिलने पर महिला यात्री ने रेलवे पुलिस के कार्य की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित