मुंबई , अगस्त 26 -- मध्य रेलवे के हार्बर लाइन पर बुधवार दोपहर उस समय उपनगरीय (लोकल) ट्रेन सेवाएं बाधित हो गयीं, जब खारघर स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन के पेंटोग्राफ में पक्षी फंस गया। इसके चलते धुआं उठने लगा और ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) स्वप्निल नीला के अनुसार, यह घटना दोपहर 2.08 बजे हुई जब पनवेल जाने वाली लोकल ट्रेन खारघर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर प्रवेश कर रही थी।
ट्रेन की यूनिट-3 के पेंटोग्राफ में पक्षी के फंसने से स्पार्किंग हुई और पेंटोग्राफ व ओवरहेड तारों से धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए स्टेशन स्टाफ ने एहतियात के तौर पर तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन लगभग सात से 10 मिनट तक वहीं रुकी रही। इस तकनीकी खराबी के कारण ठाणे-पनवेल और पनवेल-वडाला (सीएसएमटी) रूट की ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रुकी रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित