भरतपुर , मार्च 02 -- राजस्थान में भरतपुर के रेलवे स्टेशन पर रविवार रात ट्रेन के आगे कूदने वाली महिला की इलाज के दौरान जयपुर के एसएमएस अस्पताल में सोमवार को मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला की पहचान सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर उपखंड स्थित मीना बड़ौदा गांव निवासी संगीता मीणा पत्नी प्रवीण मीणा के रूप में हुई है। अपनी जीवनलीला समाप्त करने से पहले संगीता मीणा द्वारा अपनी आत्महत्या के निर्णय को लेकर रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे भरतपुर रेलवे स्टेशन पर संगीता ने सोगरिया एक्सप्रेस ट्रेन के आगे छलांग लगा दी थी। गंभीर हालत में उसे पहले भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बाद में उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेज दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

इसी के साथ सोमवार सुबह सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर थाना क्षेत्र के मीना बड़ौदा गांव में पानी के टैंक में तीन बच्चों के डूबने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पुत्री दिव्या (पांच), भारती (तीन) और डेढ़ वर्षीय दीपक के शव भी बरामद करके वजीरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवा दिये। भरतपुर एवं सवाई माधोपुर की वजीरपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित