भोपाल , मई 13 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रचना नगर अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अशोक बामने निवासी गौतम नगर जनता क्वार्टर के रूप में हुई है।
मृतक की मां कृष्णा बामने ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि मंगलवार रात किसी लड़की को लेकर विवाद हुआ था। उनके अनुसार उस समय अशोक नशे की हालत में था। आरोप है कि पड़ोसी घर में घुस आया और चारों बेटों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद अशोक को रेलवे ट्रैक तक ले जाकर ट्रेन के सामने धक्का दे दिया गया। बुधवार सुबह पुलिस से सूचना मिलने पर परिवार को घटना की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार अशोक अविवाहित था और मजदूरी करता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित