भागलपुर , सितंबर 08 -- बिहार में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर अकबरनगर स्टेशन के समीप मंगलवार को एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गयी, जबकि उनका करीब तीन वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गयासरकारी रेल पुलिस, भागलपुर के थानाध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि मृतकों की पहचान बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के भिट्टी पहाड़ी गांव निवासी सुबोध मंडल (30) और उनकी पत्नी पूनम कुमारी (24) के रूप में हुई है।
श्री अहमद ने बताया कि हादसे के समय दोनों अपने करीब तीन वर्षीय पुत्र के साथ ट्रेन पकड़ने के लिए अकबरनगर स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जमालपुर से भागलपुर की ओर जा रही एक मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में तीनों आ गये।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे में सुबोध मंडल और पूनम कुमारी की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित