बुरहानपुर , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में निम्बोला थाना क्षेत्र के ग्राम झांझर के पास भुसावल-इटारसी रेल मार्ग पर ट्रेन की चपेट में आने से दो बालिकाओं की मौत हो गई। घटना डाउन ट्रैक पर खंभा नंबर 510/16 के पास हुई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अजय सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय दोनों बालिकाएं ट्रेन की चपेट में आ गईं। मृतकों की पहचान रीना (16) और मंजू (15), निवासी ग्राम झांझर, के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित