गयाजी , अक्टूबर 03 -- ंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलखंड पर इस्माइलपुर-गुरारू स्टेशन के बीच डुमरा रेलवे गुमटी के पास शनिवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से दो किशोरों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान डुमरा निवासी बिंदेश्वर यादव के 12 वर्षीय पुत्र प्रतीक कुमार और नीरज रवानी के 12 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। दोनों पांचवीं कक्षा के छात्र थे।

परिजनों ने बताया कि दोनों सुबह इसमाइलपुर में ट्यूशन पढ़कर लौटे थे। घर पर खाना खाने के बाद रेलवे गुमटी के पास स्थित मैदान में खेलने गए थे। मैदान तक जाने के लिए रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। इसी दौरान तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन आ गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर कोंच थाना और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित