गौतमबुद्धनगर , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आगामी 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी (डीएम) मेधा रूपम ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट सभागार में शिक्षण संस्थानों एवं होटल संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को ट्रेड शो से जोड़ने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, शैक्षणिक, उद्यमिता, नवाचार एवं प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के पदाधिकारियों से अपने संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अधिक से अधिक ट्रेड शो में भ्रमण कराने के लिए प्रेरित करने को कहा।
आयोजन में विद्यार्थियों को देश-विदेश से आने वाले उद्योगों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स, तकनीक एवं नवाचार से प्रत्यक्ष परिचित होने का अवसर मिलेगा। इससे युवा वर्ग को उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, उद्यमिता के अवसरों तथा वैश्विक व्यापार की बदलती आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलेगी।
डीएम ने शिक्षण संस्थानों को ट्रेड शो के संबंध में जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित करने तथा अपने शैक्षणिक, शोध, नवाचार, स्टार्टअप एवं रचनात्मक कार्यों की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संस्थानों में पंपलेट एवं होर्डिंग लगाने को भी कहा।
शिक्षण संस्थानों से स्मार्ट क्लास एवं स्क्रीन का उपयोग विषय की आवश्यकता और विद्यार्थियों की बेहतर समझ के अनुरूप प्रभावी ढंग से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक विद्यार्थियों के शिक्षण अनुभव को रोचक एवं प्रभावी बनाने में सहायक है। साथ ही व्हाइट बोर्ड सहित पारंपरिक एवं आधुनिक शिक्षण विधियों का संतुलित और आवश्यकता के अनुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
शिक्षण संस्थानों के साथ बैठक के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होटल संचालकों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें ट्रेड शो के दौरान आने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अतिथियों, उद्यमियों, निवेशकों एवं अन्य आगंतुकों के लिए बेहतर आवासीय एवं आतिथ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रेड शो जनपद गौतमबुद्धनगर एवं उत्तर प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। होटल संचालक अतिथियों को उच्चस्तरीय, सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर जनपद की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने होटल संचालकों को साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था रखने तथा अतिथियों के साथ शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित दरों एवं बुकिंग नियमों का पूर्ण पालन करने को कहा। किसी भी अतिथि अथवा आगंतुक से निर्धारित दर से अधिक राशि न वसूली जाए, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित