जयपुर , अप्रैल् 11 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में श्याम नगर स्थित ट्री हाउस हाई स्कूल को बंद कर देने का मामला सामने आया हैं जिससे करीब 180 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है।
इस संबंध में आरटीई के तहत अध्ययनरत एक छात्रा के पीड़ित पिता प्रीतम वर्मा द्वारा श्याम नगर थाने में परिवाद दर्ज कराया गया है। परिवाद में स्कूल प्रबंधन पर धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र तथा फीस, किताबों, ड्रेस एवं अन्य मदों के नाम पर राशि वसूलने के बाद अचानक स्कूल बंद करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
संयुक्त अभिभावक संघ के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने इसे अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा सत्र 2026-27 के लिए अग्रिम रूप से फीस, किताबें, ड्रेस एवं अन्य शुल्क वसूल लिए गए लेकिन उसके बाद बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया एवं पूर्व सूचना के स्कूल संचालन बंद कर दिया गया। यह न केवल अभिभावकों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी है बल्कि बच्चों के शिक्षा के अधिकार का भी खुला उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से बच्चों एवं अभिभावकों में मानसिक तनाव और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया है। उन्होंने मांग की कि दोषी स्कूल प्रबंधन, डायरेक्टर, प्रिंसिपल एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। अभिभावकों से वसूली गई फीस, किताबों, ड्रेस, ट्रांसपोर्ट एवं अन्य मदों की राशि की जांच कर शीघ्र वापसी एवं आरटीई के तहत चयनित सभी 44 विद्यार्थियों सहित सभी विद्यार्थियों के लिए तत्काल वैकल्पिक विद्यालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित