प्रयागराज , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से शुक्रवार को प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद मंत्री नंदी ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना है। प्रदेश सरकार इस मामले में ऐसी कार्रवाई करेगी जो नजीर बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त नीति अपनाई गई है तथा दोषियों को कानून के तहत कठोर दंड दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की इच्छा जताई है। परिवार की मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा और उनकी मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि परिजनों को विश्वास है कि राज्य सरकार उन्हें न्याय दिलाएगी।
नंदी ने इस दौरान विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्य आरोपी सोशल मीडिया पर स्वयं को एक राजनीतिक संगठन से जोड़कर प्रचारित करता था। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और कानून के दायरे में रहते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पीड़ित परिवार के घर तक पहुंचने के लिए समुचित मार्ग न होने की जानकारी मिलने पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल रास्ता निर्माण कराने के निर्देश दिए। उनके दौरे के दौरान ही मार्ग निर्माण का कार्य प्रारंभ करा दिया गया।
उल्लेखनीय है कि मेजा क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के विरोध को लेकर 65 वर्षीय श्यामलाल उर्फ कल्लू, 62 वर्षीय अमरावती तथा 60 वर्षीय इंद्रावती की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी हिमांशु यादव तथा उसके दो साथियों निहाल गौतम और राजन को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने आरोपी के भाई अंकित यादव तथा ग्राम प्रधान गुड्डू यादव को भी मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हिमांशु यादव को हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगी थी। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित