बिलासपुर , जुलाई 31 -- ट्रिपल आईटी हैदराबाद में एडमिशन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की एक छात्रा से कथित एडमिशन कंसल्टेंसी के लोगों ने 12 लाख रुपए की ठगी कर ली। छात्रा की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने साइबर अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर निवासी ऋषिका तिवारी ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद सोशल मीडिया पर प्राइम पाथ एडमिशन कंसल्टेंसी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के माध्यम से संपर्क करने पर कंसल्टेंसी से जुड़े बी. भास्कर नायडू, सारिका, हेमंत म्हात्रे, अदिति सहित अन्य लोगों ने एसएटी परीक्षा के जरिए ट्रिपल आईटी हैदराबाद में प्रवेश दिलाने का दावा किया।
आरोपियों ने एडमिशन के लिए 12 लाख रुपए दान के तौर पर जमा करने को कहा। इसके बाद छात्रा के परिजनों ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी। इसमें छह जून को पुणे में चार लाख रुपए और सात जुलाई को हैदराबाद में आठ लाख रुपए कोटक महिंद्रा बैंक सहित अन्य खातों में भेजे गये।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने दो सप्ताह के भीतर एडमिशन लेटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी प्रवेश पत्र नहीं मिला। इसके बाद छात्रा और उसके परिजनों को ठगी का एहसास हुआ।
फिलहाल तारबाहर पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की भूमिका, बैंक खातों तथा पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित