प्रयागराज , सितंबर 13 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज मे भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद (आईआईआईटी इलाहाबाद) का दो दिवसीय वार्षिक ग्लोबल एल्युमनी मीट-2026 रविवार को झलवा परिसर में विभिन्न आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों पुरा छात्र-छात्राएं अपने परिवारों के साथ सहभागिता कर रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विज्ञान श्री पुरस्कार से सम्मानित एवं एनएसयूटी, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री प्रोफेसर प्रो. भीम सिंह ने पूर्व छात्रों से वर्तमान विद्यार्थियों को इंटरनेट ऑफ थिंग्स , आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे उन्नत शोध क्षेत्रों में मार्गदर्शन एवं मेंटरिंग प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व छात्रों से संस्थान के डिजिटल परिवर्तन से जुड़ी पहलों में सहयोग करने तथा परिसर की दैनिक कार्यप्रणाली में आधुनिक डिजिटल तकनीकों के समावेश में योगदान देने का आग्रह किया।भारत में सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के सहयोग से तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम का उल्लेख करते हुए प्रो. सिंह ने पूर्व छात्रों से नई पीढ़ी के उद्यमियों को प्रेरित एवं मार्गदर्शित करने का आह्वान किया। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया तथा आईआईआईटी इलाहाबाद को देश के शीर्ष संस्थानों में स्थापित करने के सामूहिक संकल्प पर बल दिया।

इस अवसर पर आईआईआईटी इलाहाबाद के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने ग्लोबल एल्युमनी मीट को सभी पूर्व छात्रों के लिए घर वापसी का उत्सव बताते हुए कहा कि मात्र 26 वर्षों में आईआईआईटी इलाहाबाद ने देश में एक प्रतिष्ठित संस्थान एवं ब्रांड के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। उन्होंने संस्थान की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि चार विद्यार्थियों ने 1.58 करोड़ रुपये का सर्वोच्च प्लेसमेंट पैकेज प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि संस्थान का पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप विकसित किया गया है तथा मास्टर डिग्री के कार्यक्रमों का भी विस्तार किया गया है।निदेशक ने बताया कि आईआईआईटी इलाहाबाद देश का पहला आईआईआईटी है जिसने ड्यूल-डिग्री कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं तथा आईबीएम के साथ सहयोग को भी मजबूत किया है। संस्थान में शोध एवं पेटेंट फाइलिंग को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित