पंचकूला , अगस्त 17 -- चंडीगढ की ट्राइसिटी और आसपास के क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को और मजबूत करने तथा पुलिस की क्षेत्रीय सीमाओं का फायदा उठाकर फरार होने वाले अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सोमवार को पंचकूला के सेक्टर-4 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में पुलिस आयुक्त पंकज नैन की अध्यक्षता में ट्राइसिटी क्राइम यूनिट्स की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध की सूचना तत्काल साझा करने, संयुक्त कार्रवाई करने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए साझा रणनीति पर मंथन किया गया।
बैठक में डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक पंचकूला अमरिंदर सिंह के अलावा चंडीगढ़, मोहाली (पंजाब), सोलन (हिमाचल प्रदेश) और अंबाला से डीएसपी स्तर के अधिकारियों तथा क्राइम यूनिट प्रभारियों ने हिस्सा लिया।
पुलिस आयुक्त पंकज नैन ने कहा कि "अपराध, अपराध है, चाहे वह किसी भी पुलिस क्षेत्राधिकार में हुआ हो।" उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई किसी एक जिले या राज्य की सीमा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। साझा सीमाओं वाले क्षेत्रों में अपराध करने के बाद आरोपी अक्सर दूसरे पुलिस क्षेत्र में प्रवेश कर बच निकलने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में सूचना का तत्काल आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई बेहद जरूरी है।
उन्होंने सीमा से सटे अपराध संभावित क्षेत्रों में संयुक्त गश्त बढ़ाने तथा अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और संदिग्ध वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
बैठक में अपराध संभावित ब्लाइंड स्पॉट चिन्हित कर वहां सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। अपराधियों की आवाजाही और उनके मार्गों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज का प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा। आधुनिक सॉफ्टवेयर और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से निगरानी एवं जांच को मजबूत किया जाएगा तथा इन उपायों की प्रभावशीलता की मासिक समीक्षा की जाएगी।
स्नैचिंग और चोरी के मामलों में पहले संलिप्त रहे तथा वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहे अपराधियों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। संबंधित जिलों की पुलिस के साथ समन्वय कर ऐसे अपराधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। किरायेदार सत्यापन प्रक्रिया को भी विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल के माध्यम से मजबूत करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा सूचना साझा करने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने सहित कई अन्य उपायों पर भी चर्चा की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा की गईं और सभी इकाइयों ने आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
पुलिस आयुक्त नैन ने कहा कि लक्ष्य ऐसी संयुक्त पुलिस व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें अपराधी जिला या राज्य की सीमाओं को सुरक्षित बच निकलने का रास्ता न बना सकें। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस टीमें क्षेत्राधिकार की सीमाओं से आगे बढ़कर संयुक्त रूप से काम करें, ताकि अपराध के बाद आरोपियों को जल्द से जल्द ट्रेस कर कानून के शिकंजे में लाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित