बेमेतरा , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के मोहतरा गांव में खेत के पास ट्रांसफार्मर फटने से गंभीर रूप से झुलसे पिता-पुत्र समेत तीन किसानों की रायपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। तीनों करीब पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती थे।

गौरतलब है कि, यह हादसा 20 सितंबर रविवार को मोहतरा गांव के हेमबंद खार में हुआ था। मृतकों की पहचान ईश्वर पटेल (62), राधेश्याम चंद्राकर (50) और उनके बेटे छन्नू चंद्राकर (32) के रूप में हुई है।

आज मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय तीनों किसान खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान पास में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ट्रांसफार्मर से गर्म तेल दूर तक फैल गया और आग की लपटों की चपेट में आने से ईश्वर, राधेश्याम और छन्नू गंभीर रूप से झुलस गए।

किसान मोहन पटेल ने बताया कि ईश्वर, राधेश्याम और छन्नू खेत में काम कर रहे थे, तभी ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ और गर्म तेल दूर तक उछलकर फैलने से तीनों बुरी तरह झुलस गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तीनों घायलों को बेमेतरा जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। रायपुर के अस्पताल में करीब पांच दिनों तक तीनों का उपचार चला, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

शुक्रवार को उपचार के दौरान राधेश्याम चंद्राकर और उनके बेटे छन्नू चंद्राकर ने दम तोड़ दिया। 32 वर्षीय छन्नू चंद्राकर के छोटे बच्चे हैं। पिता-पुत्र की मौत के बाद शुक्रवार रात लगातार बारिश के बीच दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित