एवियन (फ्रांस) , जून 17 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने आप को भारत का सच्चा दोस्त बताते हुए बुधवार को कहा कि रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के संबंध बहुत अच्छे हैं और भारत पर कोई हमला होता है तो अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा।
श्री ट्रम्प ने भारत यात्रा की अपनी योजना का भी संकेत दिया। उन्होंने यहां जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक व्यापारिक जहाज पर हमले में भारतीय नाविकों की मौत, रूसी तेल पर पाबंदी और वैश्विक तेल बाजार की स्थिति तथा भारत-अमेरिका संबंधों के साथ-साथ श्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र किया।
उन्होंने भारतीय नाविकों की मौत पर कहा कि नाविक का काम बड़ा जोखिम भरा होता है, ऐसी घटनाएं होती रहती है और अमेरिका इस मामले में भारत के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने घटना के बारे में कहा , '' मैंने इसके बारे में सुना है। यह (नाविक का काम) एक कठिन पेशा है और हम इस विषय (नाविकों की मृत्यु की इस घटना) पर मिलकर काम करते हैं।"उन्होंने कहा, " ऐसा लंबे समय से होता आया है, लेकिन हम इस पर साथ मिलकर काम करते हैं।"उल्लेखनीय है कि भारत में यह घटना एक राजनीतिक मुद्दा बन गयी है और विपक्ष सरकार की इस बात के लिए मोदी सरकार की आलोचना कर रहा है कि उसने इस मुद्दे को अमेरिका के सामने सख्ती से नहीं उठाया।
घटना के बाद भारत ने नयी दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी राजदूत को विदेश मंत्रायल में तलब कर घटना पर नाराजगी जतायी थी। अमेरिका ने खाड़ी क्षेत्र में वाणिज्यिक पोतों पर हमले के लिए ईरान को दोषी ठराया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित