जैसलमेर , मई 31 -- अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप और उनके दामाद माइकल बोलस भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ राजस्थान में अपनी दो दिवसीय जैसलमेर यात्रा के दौरान विश्व विख्यात सोनार किला पहुंचे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रम्प की छोटी बेटी टिफनी ट्रम्प अपने पति माइकल बोलोस के साथ रविवार शाम ऐतिहासिक सोनार दुर्ग देखने पहुंचीं। दशहरा चौक पहुंचने पर जैसलमेर के पूर्व महारावल चैतन्यराज सिंह ने उनका स्वागत किया। इसके बाद किले में उन्होंने म्यूजियम भी देखा।

भ्रमण के दौरान जैसलमेर महारावल चैतन्यराज सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे। उन्होंने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए जैसलमेर के गौरवशाली इतिहास, अद्वितीय स्थापत्य कला, शौर्य परंपराओं और दुर्ग की ऐतिहासिक विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी।

टिफनी पति के साथ करीब आधा घंटा महल के म्यूजियम में रुकीं। उन्हें पुरानी तकनीक से किले को सहेजने के बारे में भी जानकारी दी गई।

जैसलमेर फोर्ट पैलेस म्यूजियम के निदेशक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टिफनी ट्रंप, माइकल बोलोस एवं अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ कलाकृतियों, राजसी वस्तुओं, ऐतिहासिक दस्तावेजों और राजपरिवार से जुड़ी अमूल्य धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने जैसलमेर की स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों में विशेष रुचि दिखाई और उनकी सराहना की।

उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्हें यह भी बताया गया कि 12वीं शताब्दी में निर्मित जैसलमेर दुर्ग अब भी अपनी भव्यता के साथ मजबूती से खड़ा है। अतिथियों ने दुर्ग के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अपनाई जा रही पारंपरिक और प्राचीन तकनीकों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने संग्रहालय परिसर की विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन किया और जैसलमेर के इतिहास, कला और संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित