वाशिंगटन/तेहरान , अगस्त 25 -- अमेरिका ने घोषणा की है कि उसकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के मुख्य नौवहन मार्ग से सभी समुद्री बारूदी सुरंगों को साफ कर दिया है।
इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी ओर कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मौजूद खदानों को हटा दिया गया है या उन्हें नष्ट कर दिया गया है।
श्री ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि नयी खदानें बिछाने वाले किसी भी पोत या नाव को तुरंत और पूरी तरह से नष्ट कर दिया जायेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिकी स्पेस फोर्स इस पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रख रही है और खदानें बिछाने के मामले में 'शून्य सहिष्णुता' की नीति लागू है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ईरान-ओमान के बीच के इस मध्य नौवहन मार्ग में युद्ध के दौरान दर्जनों खदानें बिछायी गयी थीं, जो वाणिज्यिक जहाजों के लिए बड़ा खतरा थीं।
पिछले कुछ महीनों में अमेरिकी नौसेना के अंडरवाटर ड्रोन और निजी कंपनियों ने 100 से अधिक संदिग्ध खदानों की पहचान कर उन्हें हटाया है।
अब इस मुख्य मार्ग के साफ होने से दोनों दिशाओं में जहाजों की आवाजाही आसान होगी, जिससे वैश्विक बाजारों तक कच्चे तेल की आपूर्ति बढ़ सकेगी।
दूसरी ओर, इस मुद्दे पर तेहरान में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और ओमान के विदेश मंत्री बदर अल-बुसैदी के बीच बैठक हुई। दोनों देशों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से खदानें हटाने, सुरक्षित नौवहन के लिए अस्थायी संयुक्त गलियारा बनाने और ट्रैफिक प्रबंधन पर तकनीकी चर्चा की है, हालांकि अभी किसी अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर होना बाकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित