चित्तौड़गढ़, 17 सितंबर, 17 सितम्बर (वार्ता) राजस्थान में अफीम एवं डोडाचूरा तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स विभाग ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ट्रक से 22 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा बरामद करके मुख्य तस्कर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
नारकोटिक्स विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि सूचना मिलने पर विभाग के एक दल ने बुधवार को वल्लभनगर क्षेत्र में महाराज की खेड़ी गांव के समीप नाकेबंदी करके एक ट्रक को रोका जिसमें केवल चालक था। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक में सीमेंट की बोरियों के नीचे बड़ी मात्रा में डोडाचूरा है जो एक व्यक्ति ने निम्बाहेड़ा क्षेत्र से भरवाया और इसे बाड़मेर ले जाया जा रहा था। उक्त निम्बाहेड़ा का तस्कर उसके सम्पर्क में था जिस पर एक अन्य दल ने रात को ही उसके घर छापा मारा और उसे गिरफ्तार करके चित्तौड़गढ़ लाया गया।
तलाशी में सीमेंट के नीचे 119 बोरों में भरा कुल 2292 किलो 480 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। मुख्य तस्कर से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित