बैतूल , मार्च 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

यह दुर्घटना कल देर रात थावरिया नाला के पास हुई, जहां एक स्कूटी ट्रक से टकरा गई। मृतकों की पहचान खेड़ी देवगांव निवासी 18 वर्षीय हेमराज धुर्वे और उसके साथी सुखदेव कहार के रूप में हुई है। हेमराज मुलताई के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। रविवार शाम उसने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह अपने दोस्त सुखदेव के साथ स्कूटी से मुलताई से अपने गांव लौट रहा है। दोनों युवक नागपुर रोड से अपने गांव की ओर जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रही स्कूटी सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने सुखदेव कहार को मृत घोषित कर दिया। वहीं हेमराज धुर्वे को सिर, जांघ, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। उसकी हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे एम्बुलेंस से नागपुर ले जा रहे थे। नागपुर ले जाते समय रास्ते में मल्हारा पंखा के पास हेमराज ने भी दम तोड़ दिया।

मृतक हेमराज के पिता ने ट्रक चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित