भिण्ड , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक पलटने से राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नयागांव थाना क्षेत्र के ओझा गांव निवासी विजय जाटव और ईशु जाटव स्कूटी से गोहद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे आलू से भरे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर राजमार्ग पर पलट गया। दुर्घटना में विजय जाटव की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि ईशु जाटव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका एक पैर भी कट गया।
सूचना मिलने पर नयागांव थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आलू से भरा ट्रक उत्तर प्रदेश के जसवंतनगर से ग्वालियर की ओर जा रहा था। दुर्घटना के बाद क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित