धार , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की सरदारपुर तहसील के अमझेरा क्षेत्र में सोमवार देर रात गुजरात से नागपुर जा रही मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार कई मजदूर सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि छह अन्य को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद धार जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 12:30 बजे आतेड़ी फाटा और खाखेड़ी फाटा के बीच हुआ। गुजरात निवासी मजदूर रोजगार की तलाश में ट्रैक्टर-ट्रॉली से महाराष्ट्र के नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण ट्रॉली में बैठे कई मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलने पर अमझेरा में तैनात एफआरवी-13 के सैनिक रतन भाभर और पायलट नरेंद्र सिंह पटेल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एफआरवी वाहन से अमझेरा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल पांच मजदूरों को धार जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का अमझेरा अस्पताल में उपचार जारी है।
घायलों में रमेश पिता अंबाजी भूरिया (40), रवि पिता रमेश (28), आकाश पिता रमेश (26), रुद्राक्ष पिता रवि (2), पूर्वी पिता रवि (3), सुशीला पति रवि, संपदा पति निलेश (32), मेघा पिता गणेश (25), सैजल पति राहुल (25) और मडी पति रमेश (38) सहित अन्य मजदूर शामिल हैं।
अमझेरा थाना पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित