भरतपुर , जुलाई 05 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के लालसोट कोटा मेगा हाईवे पर कुस्तला कस्बे के तिराहे पर रविवार को ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हाे गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हाे गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजूलाल अपनी पत्नी बरफा देवी के साथ मजदूरी के बाद सवाई माधोपुर से शाम को अपने गांव लौट रहा था। उसी दौरान कुस्तला कस्बे के तिराहे पर पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। जब पुलिस ने दम्पती को रोकने का प्रयास किया तो मोटर साइकिल धीमी करते ही पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे बरफा देवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजूलाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायल राजूलाल को पुलिस ने अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया।

उधर हादसे की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इन्कार करके मेगा हाईवे को अवरुद्ध कर दिया। फिलहाल मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और ग्रामीणों को लगातार समझाया जा रहा है। यातायात अवरुद्ध हो जाने से मेगा हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित