खरगोन , सितंबर 12 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले की खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगर खेड़ी में शनिवार को ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
खलटाका पुलिस चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि इंदौर की ओर से मोटरसाइकिल से आ रहे युवक-युवती आज सुबह करीब सात बजे मगरखेड़ी में पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक मिनी ट्रक क्रॉसिंग पर मुड़ गया और पीछे से आ रहे युवक युवती का दुपहिया वाहन उसे जा टकराया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार भूमि शर्मा (24) ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकल चालक आशीष परमार (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। भूमि शर्मा इंदौर के स्कीम नंबर 74 की निवासी है, जबकि आशीष परमार देवास के बैरागढ़ क्षेत्र का निवासी है। दोनों नासिक घूमने जा रहे थे। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
इस घटना की सूचना मिलने पर बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक के नीचे फंसे युवती के शव को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस से बड़वानी जिले के ठीकरी स्थित अस्पताल भिजवाया। घायल युवक को हाईवे एंबुलेंस की मदद से ठीकरी अस्पताल पहुंचाया गया, जिसे बाद में इंदौर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद एक तरफ के राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर नेशनल हाईवे के टोल एरिया मैनेजर राकेश मंडलोई भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित