हनुमानगढ़ , अप्रैल 21 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान हरीश जाट (20) के रूप में हुई है। घायल दूसरा युवक योगेश है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि दोनों युवक दोपहर बाद निकटवर्ती गांव दूधली जाकर वापस अपने गांव पोहड़का लौट रहे थे। धन्नासर के नजदीक हरदासवाली फांटा के पास सामने से आए एक ट्रक की टक्कर लगने से हरीश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि योगेश जख्मी हो गया।

आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित