वाशिंगटन , सितंबर 19 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीएनएन, एमएस नाउ और पॉलिटिको जैसे मीडिया घरानों के पत्रकारों का व्हाइट हाउस (राष्ट्रपति आवास) में प्रवेश वर्जित करते हुए कहा है कि वे 'झूठी खबरें' प्रकाशित करते हैं।
श्री ट्रंप ने इन मीडिया घरानों के साथ अपने मतभेद को एक नये स्तर पर ले जाते हुए शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ये तीनों मीडिया घराने उनके एवं ट्रंप प्रशासन के बारे में "मनगढ़ंत बातें और झूठ" फैलाते हैं। उन्होंने दूसरे मीडिया घरानों पर भी इसी तरह के प्रतिबंध लगाने की धमकी दी। व्हाइट हाउस ने श्री ट्रंप के बयान पर टिप्पणी करने से मना कर दिया।
सीएनएन ने कहा कि वह व्हाइट हाउस से रिपोर्टिंग करने वाले अपने पत्रकारों के साथ खड़ा है। उसने कहा कि सरकारी हस्तक्षेप के साथ प्रशासन की खबरें लिखना पत्रकारों का संवैधानिक अधिकार है। सीएनएन ने कहाा, "राष्ट्रपति ट्रंप ने जिस प्रतिबंध की धमकी दी है, अगर वह लगाया जाता है तो यह हमारे मूलभूत एवं संवैधानिक अधिकार पर गैर-कानूनी हमला होगा।"पोलिटिको ने कहा कि वह ट्रंप प्रशासन और भविष्य के प्रशासनों पर अपनी खोजी रिपोर्टिंग जारी रखेगा तथा अपनी कवरेज को सीमित करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ अपने 'फर्स्ट अमेंडमेंट' (संविधान के पहले संशोधन) अधिकारों का "जोरदार बचाव" करेगा। एमएस नाउ और व्हाइट हाउस पत्रकारों के एसोसिएशन ने फिलहाल मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित