वाशिंगटन/तेहरान , मार्च 23 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और बुनियादी ढांचे पर प्रस्तावित सैन्य हमलों को पांच दिनों के लिए स्थगित करने की घोषणा की है, जबकि ईरान ने इसे अपनी "कड़ी चेतावनी" का परिणाम बताया है।
श्री ट्रंप ने कहा कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच "सार्थक और रचनात्मक बातचीत" हुई है, जिसके मद्देनजर उन्होंने रक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि ईरानी ऊर्जा ढांचे पर सभी सैन्य कार्रवाई पांच दिन के लिए रोक दी जाए। उन्होंने कहा कि यह फैसला चल रही वार्ताओं की प्रगति पर निर्भर करेगा।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में आपसी दुश्मनी को पूरी तरह से खत्म करने के संबंध में बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है। इन गहरी, विस्तृत और रचनात्मक बातचीत को देखते हुए मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया है कि वे ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और ऊर्जा अवसंरचनाओं पर सभी सैन्य हमलों को पांच दिनों के लिए टाल दें।"इससे पहले, श्री ट्रंप ने ईरान को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला गया तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले करेगा।
इस चेतावनी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ईरान ने कहा था कि यदि उसके ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया तो वह पूरे पश्चिम एशिया में ऊर्जा और जल अवसंरचना पर जवाबी हमले करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित