वॉशिंगटन , सितंबर 28 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि ईरान के साथ टकराव जल्द ही खत्म हो जाएगा लेकिन उन्होंने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया है।
श्री ट्रंप ने रविवार को पीजीए टूर प्रेसिडेंट्स कप के दौरान फॉक्स न्यूज से बात करते हुए कहा कि अमेरिका का मुख्य उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। श्री ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि हम यह युद्ध बहुत जल्द जीत लेंगे।" उन्होंने कहा कि टकराव खत्म होने के बाद दुनियाभर में तेल की कीमतें काफी गिर सकती हैं।
उनसे जब पूछा गया कि क्या अमेरिका मध्यावधि चुनावों से पहले और हमले कर सकता है, तो श्री ट्रंप ने इस संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा, "मेरा मतलब है, ऐसा हो सकता है लेकिन मैं अभी ऐसा कहना नहीं चाहता।" श्री ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका सैन्य कार्रवाई और आर्थिक प्रतिबंधों के जरिए ईरान पर दबाव बना रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका को पहले ही काफी सैन्य सफलताएं मिल चुकी हैं और ईरान की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है।
श्री ट्रंप ने कहा कि ईरान में महंगाई बहुत अधिक बढ़ गई है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि यह 318 प्रतिशत तक पहुंच गई है। ये दावे श्री ट्रंप ने किए थे और उनके बयानों में इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई थी।
गौरतलब है कि ये टिप्पणियां श्री ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और टकराव खत्म करने के ईरान के प्रस्ताव को खारिज करने के एक दिन बाद आईं। श्री ट्रंप ने रविवार को एक्सिओस के साथ एक अलग बातचीत में कहा कि अमेरिकी वार्ताकार इस सप्ताह ईरानी प्रतिनिधियों के साथ और बातचीत कर सकते हैं। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने एनबीसी न्यूज के 'मीट द प्रेस' कार्यक्रम में कहा कि ईरान फिर से टकराव के लिए तैयार है। लेकिन उन्होंने इसके साथ यह भी कहा कि कूटनीति की गुंजाइश अभी भी बनी हुई है।
श्री अराघची ने कहा, "हम युद्ध फिर से शुरू होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।" उन्होंने कहा कि ईरान अमेरिकी चुनावों के समय की परवाह किए बिना अमेरिका की किसी भी और कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान बातचीत के लिए तैयार है और अमेरिका जारी सैन्य टकराव और कूटनीति के बीच किसी एक को चुने।
उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी प्रस्ताव को श्री ट्रंप द्वारा खारिज किए जाने की बात राजनयिक चैनलों के माध्यम से आधिकारिक तौर पर ईरान को नहीं बताई गई थी। श्री अराघची के मुताबिक ईरान अपनी रुकी हुई संपत्ति को वापस पाने और अपना तेल बेचना जारी रखने की कोशिश कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित