नयी दिल्ली , मार्च 11 -- आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास प्रधानमंत्री के बारे में कोई "गुप्त जानकारी" है, जिसके कारण भारत कथित रूप से अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है।
श्री केजरीवाल ने कहा कि यदि ऐसी स्थिति है तो प्रधानमंत्री को देश के हित में पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्री ट्रंप बार-बार यह दावा कर रहे हैं कि उनके पास प्रधानमंत्री से जुड़ा कोई "राज़" है। श्री केजरीवाल ने कहा कि अगर यह सच है तो प्रधानमंत्री को अपने पद की चिंता करने के बजाय देश को बचाने के लिए इस्तीफा दे देना चाहिए।
श्री केजरीवाल ने यह भी कहा कि देश में एलपीजी की कमी की स्थिति पैदा हो गयी है और इसका कारण यह है कि भारत ने अमेरिका और इज़रायल के पक्ष में ईरान के खिलाफ रुख अपनाया। उनके अनुसार ईरान ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गैस और तेल के आवागमन पर रोक लगा दी है और केवल चीन तथा रूस को इसकी अनुमति दे रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित