जालौन , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में एट थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर शनिवार रात पुलिस की सघन वाहन चेकिंग के दौरान दो ब्लैक फॉर्च्यूनर वाहनों से तीन अवैध पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार लखनऊ निवासी नीतीश श्रीवास्तव और आशुतोष मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एट थानाध्यक्ष शिव शंकर सिंह के अनुसार, शनिवार रात टोल प्लाजा पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो ब्लैक फॉर्च्यूनर वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहनों से तीन पिस्टल और 12 कारतूस बरामद हुए। हथियार और कारतूस कब्जे में लेकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित