हनुमानगढ़ , सितम्बर 28 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के गोगामेडी थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के एक कर्मचारी की हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए पलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया जबकि दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है।
हनुमानगढ़ में पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि गत 23 सितम्बर को मोटर साइकिल पर सवार तीन आरोपियों ने नोहर-भादरा मार्ग पर मुंसरी गांव के स्थित टोल प्लाजा कारुलाल की मामूली कहासुनी पर चाकू मारकर हत्या कर दी और फरार हो गये। इस वारदात में दो नाबालिग लड़के शामिल थे। तीसरे युवक अंकित धाणक (19) को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ पकड़े गये दो नाबालिग लड़कों को निरूद्ध करने की कार्रवाई की गयी है।
श्री आदित्य ने बताया कि यह घटना टोल प्लाजा पर इन युवाओं द्वारा गलत लाइन पर जाने की बात को लेकर घटित हुई थी। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा हिसार तक के मार्गों पर लगे करीब 500 कैमरों की रिकॉर्डिंग और करीब 100 होटल के रिकॉर्ड की छानबीन के बाद जाकर आरोपियों की पहचान हुई। करीब 300 व्यक्तियों से पूछताछ करने के बाद उनको पकड़ा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित