ग्रेटर नोएडा , जून 11 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला स्थित ग्रेटर नोएडा दादरी थाना क्षेत्र के लुहारली टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर कार सवार व्यक्तियों और टोल कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने गुरुवार को इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को लुहारली टोल प्लाजा पर एक कार में सवार कुछ व्यक्तियों और टोल कर्मचारियों के बीच टोल शुल्क के भुगतान को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, जिससे टोल प्लाजा पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर दादरी थाना पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से टोल मैनेजर द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल के साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किया।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को हिरासत में ले लिया तथा साथ ही विवाद में शामिल वाहन को भी कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने अथवा सार्वजनिक सेवाओं में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित