चंडीगढ़ , अप्रैल 01 -- सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने टोल दरों में हुई लगभग पांच प्रतिशत बढ़ोतरी को आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है। उन्होंने कहा कि यह नई दरें रात 12 बजे से लागू हो चुकी हैं, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
सुश्री सैलजा ने आरोप लगाया कि हरियाणा में टोल प्लाजाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और उनकी दरों में भी समय-समय पर वृद्धि की जा रही है। इससे किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा वर्ग और आम यात्रियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को राहत देने के बजाय हर स्तर पर आर्थिक दबाव बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से हिसार के आसपास टोल प्लाजाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लगभग 37 किलोमीटर की दूरी पर दो टोल प्लाजा बनाए गए हैं, जो निर्धारित नियमों के खिलाफ है। उनके अनुसार, सरकार की नीति के तहत 60 किलोमीटर से पहले दूसरा टोल प्लाजा नहीं होना चाहिए। सैलजा ने यह भी आरोप लगाया कि कई टोल प्लाजाओं पर तय अवधि समाप्त होने के बाद भी वसूली जारी है।
इसके अलावा, उन्होंने एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि गैस के दाम बढ़ने से आम परिवारों का बजट प्रभावित हुआ है, जिससे गृहिणियों और मध्यम वर्ग की मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्होंने सरकार से तुरंत राहत देने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित