श्रीगंगानगर , मार्च 17 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में पदमपुर मार्ग राजमार्ग पर टोल टैक्स वसूली की अवधि बढ़ाने के सरकार के फैसले के खिलाफ टोल बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर मंगलवार को पदमपुर कस्बा पूरी तरह बंद रहा।
संघर्ष समिति के तत्वावधान में चल रहे इस आंदोलन को व्यापार मंडल, युवा क्लब, किसान संगठनों और अन्य सामाजिक संस्थाओं का पूर्ण समर्थन मिला। परिणामस्वरूप दोपहर बाद तक पदमपुर के सभी छोटे-बड़े बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर आवाजाही बेहद कम देखने को मिली।
इस दौरान संघर्ष समिति के सदस्यों ने पदमपुर शहर में दोपहिया वाहन रैली भी निकाली और टोल कंपनी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समिति के प्रमुख सदस्य सुखबीरसिंह फौजी ने बताया कि इस मार्ग पर टोल वसूली की अवधि एक मार्च को ही समाप्त हो चुकी थी, लेकिन सरकार किसी न किसी बहाने से इसे फिर बढ़ाने पर आमादा है, जो पूरी तरह अवैध है। उन्होंने कहा-पिछले दो वर्षों में दो-तीन बार इसी तरह के बहानों से टोल की अवधि बढ़ाई जा चुकी है। इस बार हम किसी भी कीमत पर अवधि बढ़ने नहीं देंगे।
उल्लेखनीय है कि संघर्ष समिति के इस आंदोलन के चलते पिछले 12 दिनों से श्रीगंगानगर-पदमपुर मार्ग पर स्थापित दोनों टोल नाकों को स्थानीय लोगों ने निशुल्क रखा है। दोनों नाकों पर मौजूद प्रदर्शनकारी टोल कंपनी के कर्मचारियों को टैक्स वसूली नहीं करने दे रहे हैं और वाहन चालक बिना टोल दिए ही गुजर रहे हैं।
जिला प्रशासन के साथ संघर्ष समिति की अब तक दो-तीन बार वार्ताएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। समिति का साफ कहना है कि इस बार उन्हें लिखित रूप में पुख्ता आश्वासन चाहिए कि अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित