बेंगलुरु , मई 19 -- टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने भारत में कुल तीन लाख हाइब्रिड वाहनों की बिक्री की उपलब्धि हासिल कर ली है।

कंपनी ने मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बेहतर ईंधन दक्षता, कम उत्सर्जन, बेहतर प्रदर्शन और रखरखाव की कम लागत के प्रति बढ़ती जागरूकता ने हाइब्रिड वाहनों की स्वीकार्यता को और मजबूत किया है। टोयोटा 30 साल से अधिक के वैश्विक हाइब्रिड अनुभव के साथ व्यावहारिक विद्युतीकरण में अग्रणी बनी हुई है।

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सर्विस और पुरानी कार कारोबार के कार्यकारी उपाध्यक्ष सबरी मनोहर ने इस उपलब्धि पर कहा, "भारत में तीन लाख हाइब्रिड वाहनों की बिक्री का मुकाम हासिल करना हमारे लिए बेहद गर्व की बात है। यह उपलब्धि टोयोटा की सेल्फ-चार्जिंग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी में ग्राहकों के मजबूत और लगातार बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। हाइब्रिड प्रौद्योगिकी एक हरित भविष्य की ओर महत्वपूर्ण सेतु का काम करती है, जिससे ग्राहक परफॉर्मेंस, सुविधा या भरोसे से समझौता किये बिना विद्युतीकरण को सहजता से अपना सकते हैं।"भारत में कंपनी के हाइब्रिड वाहनों में अर्बन क्रूजर हाइराइडर, इनोवा हाइक्रॉस, कैमरी हाइब्रिड और वेलफायर जैसे मॉडल शामिल हैं।

टोयोटा की हाइब्रिड टेक्नोलॉजी में शक्तिशाली पेट्रोल इंजन और अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक मोटर का संयोजन है, जो मिलकर बेहतर प्रदर्शन और दक्षता प्रदान करते हैं। यह सिस्टम स्मार्ट तरीके से दोनों ऊर्जा स्रोतों को जोड़ता है और उनका इस्तेमाल करता है जिससे वाहन ज्यादातर समय इलेक्ट्रिक मोड में चलते हैं। ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण को नुकसान भी कम होता है।

सेल्फ-चार्जिंग क्षमता बैटरी को रेजेनरेटिव ब्रेकिंग और इंजन पावर से ऑटोमैटिक चार्ज करती है। इस वजह से बाहरी चार्जिंग की आवश्यकता नहीं पड़ती और ग्राहकों को पूरी तरह रेंज की चिंता से मुक्ति मिलती है। कंपनी अपने हाइब्रिड वाहनों की बैटरी पर आठ साल की वारंटी प्रदान करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित