रायपुर , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष दीपक बैज ने अधिकारी से कथित मारपीट के आरोपी विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थन में भाजपा नेताओं के बयानों की आज आलोचना करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का यह रुख उसके हिंसक और असंवैधानिक चरित्र को दर्शाता है। वहीं उन्होंने हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर पत्रकारिता जगत को शुभकामनाएं भी दीं।
श्री बैज ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार और सत्तारूढ़ दल की संवैधानिक जिम्मेदारी है। ऐसे में किसी आरोपी जनप्रतिनिधि के पक्ष में खड़ा होना उचित नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा से इस मामले में अपना स्पष्ट रुख सामने रखने की मांग करते हुए पूछा कि वे संविधान के साथ हैं या पार्टी के फैसले के साथ।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों और आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार एवं हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई करने के बजाय अपने नेताओं को संरक्षण दे रही है। बैज ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी नहीं होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोपी विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव से भी सवाल करते हुए कहा कि यदि प्रशासनिक कार्यों में कहीं कमी है तो उसकी जवाबदेही सरकार की है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हिंसा या मारपीट का समर्थन लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के अनुरूप नहीं माना जा सकता। इसी बीच, हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर बैज ने हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर पत्रकारों और मीडिया जगत को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित देश के प्रथम हिन्दी समाचार पत्र 'उदन्त मार्तण्ड' ने भारतीय पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान की थी।
उन्होंने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता की पहचान उसकी निष्पक्षता, संतुलन और विश्वसनीयता रही है। पक्ष और विपक्ष दोनों के प्रति समान दृष्टिकोण तथा तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत है। बैज ने हिन्दी पत्रकारिता से जुड़े सभी पत्रकारों को इस ऐतिहासिक अवसर पर शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित