बैतूल , फरवरी 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के टेमनी गांव में सोमवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्य टॉयलेट क्लीनर से निकली जहरीली गैस की चपेट में आ गए। घटना में बुजुर्ग पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि मां और बेटे का उपचार सामान्य वार्ड में चल रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की स्थिति अब स्थिर और खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, टेमनी निवासी चंदन सुबह अपने घर के टॉयलेट की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान एसिड युक्त टॉयलेट क्लीनर की बोतल अचानक तेज दबाव से खुल गई, जिससे क्लीनर बाहर फैल गया और बाथरूम में जहरीली गैस भर गई। गैस के संपर्क में आते ही चंदन को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर और घबराहट हुई और वे वहीं गिर पड़े।
उनकी आवाज सुनकर पत्नी कला बाई और बेटा लोकेश बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए। परिजनों ने तुरंत सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि मां और बेटे को सामान्य वार्ड में भर्ती किया गया है। फिलहाल तीनों की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर है।
पुलिस ने घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लोकेश एक ट्रैक्टर एजेंसी में मैकेनिक हैं, जबकि उनके माता-पिता खेती का काम करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित