दुबई , नवंबर 11 -- अफ़ग़ानिस्तान के टेस्ट और वनडे कप्तान रहमत शाह अपने देश के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने आईसीसी की पुरुष टेस्ट प्लेयर रैंकिंग की किसी भी कैटेगरी में शीर्ष 10 में जगह बनाई है।

रहमत ने शारजाह में ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ अफ़ग़ानिस्तान की दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ के पहले मुक़ाबले में 173 रन की पारी खेलने के बाद टेस्ट बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में छह स्थान की छलांग लगाई है और सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस पारी की बदौलत उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी हासिल की। यह मैच ड्रॉ रहा था।

यह रहमत का पांचवां टेस्ट शतक और इस साल का दूसरा शतक था। उन्होंने भारत के कप्तान शुभमन गिल, दक्षिण अफ़्रीका के सलामी बल्लेबाज़ एडन मारक्रम और श्रीलंका के बल्लेबाज़ कमिंदु मेंडिस को पीछे छोड़कर पहली बार शीर्ष 10 में जगह बनाई है।

इस महीने की शुरुआत में अफ़ग़ानिस्तान ने ज़िम्बाब्वे और बांग्लादेश के ख़िलाफ़ ट्राई-सीरीज़ जीतने के बाद आईसीसी की पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में छठा स्थान हासिल किया था, जो उसकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।

शारजाह टेस्ट से ज़िम्बाब्वे के अनुभवी खिलाड़ी क्रेग इरविन को भी फ़ायदा हुआ। दूसरी पारी में नाबाद 206 रन बनाने के बाद वह टेस्ट बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में नौ स्थान ऊपर चढ़कर 48वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

बंगलादेश और वेस्टइंडीज़ के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ समाप्त होने के बाद भी कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार हुआ है। सीरीज़ में 16 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वॉरिकन प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ रहे। वह टेस्ट गेंदबाज़ों की रैंकिंग में 11 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर पहुंच गए हैं और उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। उनके साथी जस्टिन ग्रीव्स ने 46 और 51 रन बनाने के अलावा एक विकेट भी लिया। वह टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं।

वेस्टइंडीज़ के कावेम हॉज 12 स्थान ऊपर चढ़कर 52वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि बंगलादेश के तौहीद हृदोय, जो पहले शीर्ष 100 से बाहर थे, बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में 60वें स्थान पर आ गए हैं। वेस्टइंडीज़ के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ अमीर जांगू ने भी 28 स्थान की छलांग लगाई है और अब वह 62वें नंबर पर हैं।

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज़ के शुरुआती दो मुक़ाबलों के बाद ताज़ा वनडे रैंकिंग में भी बदलाव हुए हैं। दोनों टीमों के कई गेंदबाज़ों को इसका फ़ायदा मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित