ऋषिकेश , जनवरी 22 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में गढ़वाल मंडल टैक्सी चालक एवं मालिक एसोसिएशन ने संगठन से जुड़े कुछ अपात्र व्यक्तियों द्वारा एसोसिएशन की मोहर एवं लेटर पैड के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया है।

गुरुवार को आईएसबीटी परिसर स्थित शाखा कार्यालय में एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय पाल सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट कुछ सदस्यों द्वारा बैठक में शांति भंग करने एवं अराजकता फैलाने के प्रयासों की कड़ी निंदा की गई। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने वर्तमान कार्यकारिणी पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए संगठन की एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।

श्री विजय पाल सिंह रावत ने कहा कि एसोसिएशन नियमों के तहत संचालित है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता अथवा संगठन की छवि धूमिल करने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से नियमों के अनुसार कार्य करने और संगठनात्मक एकता बनाए रखने की अपील की।

एसोसिएशन सचिव विजेन्द्र कंडारी ने बताया कि कुछ लोग नियमों के विरुद्ध 61 गाड़ियों की एंट्री कराने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि वर्तमान में एसोसिएशन द्वारा केवल 4 प्लस एक टैक्सी व्यवस्था का ही संचालन किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीघ्र ही आम सभा बुलाकर एसोसिएशन की प्रबंध कार्यकारिणी के आम चुनाव कराए जाएंगे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन की मोहर एवं लेटर पैड का दुरुपयोग करने वाले तत्वों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित