भरतपुर , जुलाई 23 -- राजस्थान में भरतपुर के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र में आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 21 पर गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना हुए मिथाइल अल्कोहल से भरे एक टैंकर में लीकेज होने से हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि टैंकर में लीकेज की जानकारी होते ही उसे ढाबे के पास से हटाकर बाढ़ गंगा नदी के बहाव क्षेत्र में खड़ा करवाकर टैंकर के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई और पूरी रात पुलिसकर्मी निगरानी करते रहे, ताकि कोई भी व्यक्ति उसके पास न जा सके। इस दौरान करीब सात लीटर मिथाइल अल्कोहल का रिसाव हुआ। बाद में गेल और हिंदुस्तान पैट्रोलियम प्राइवेट लिमिटेड (एचपीसीएल) के दलों ने मौके पर पहुंचकर सम्भावित अप्रिय घटना को टाल दिया।

पुलिस बताया कि गुरुवार तड़के अमोली टोल प्लाजा के पास ड्राइवर सावल सिंह जब एक ढाबे पर चाय पीने के लिए रुका। तभी उसकी नजर टैंकर पर गई और उसने देखा कि टैंकर से मिथाइल अल्कोहल का रिसाव हो रहा है। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

एहतियात के तौर पर सक्शन मशीन और फॉगिंग मशीन भी मौके पर मंगाई गईं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। काफी मशक्कत के बाद मिथाइल अल्कोहल को लीक हो रहे टैंकर से दूसरे टैंकर में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया। इसके बाद टैंकर को गुरुवार शाम ग्वालियर के लिए रवाना कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित