फिरोजाबाद , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टैंकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। उपचार के दौरान एक घायल युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नारखी थाना क्षेत्र के बछगांव मार्ग पर नदी के पास शनिवार को तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर बाइक सवार तीन युवकों से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टैंकर सड़क किनारे खाई में पलट गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। घायलों की पहचान राजा रामपुर गांव निवासी टीटू पुत्र राम खिलाड़ी, लक्ष्मण पुत्र रामगोपाल और प्रशांत पुत्र भूरी सिंह के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान प्रशांत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार तीनों युवक बाइक से दूसरे गांव में मिर्च की पौध की रोपाई के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित